पुराना खिलाड़ी (व्यंग्य) : हरिशंकर परसाई

Purana Khiladi (Hindi Satire) : Harishankar Parsai

सरदारजी जबान से तंदूर को गर्म करते हैं। जबान से बर्तन में गोश्त चलाते हैं। पास बैठे आदमी से भी इतने जोर से बोलते हैं, जैसे किसी सभा में बिना माइक बोल रहे हों। होटल के बोर्ड पर लिखा है - ‘यहाँ चाय हर वक्त तैयार मिलती है।’ नासमझ आदमी चाय माँग बैठता है और सरदारजी कहते हैं - चाय ही बेचना होता, तो उसे बोर्ड पर क्यूँ लिखता बाश्शाओ! इधर नेक बच्चों के लिए कोई चाय नहीं है। समझदार ‘चाय’ का मतलब समझते हैं और बैठते ही कहते हैं - एक चवन्नी !

सरदारजी मुहल्ले के रखवाले हैं। इधर के हर आदमी का चरित्र वे जानते हैं। अजनबी को ताड़ लेते हैं। तंदूर में सलाख मारते हुए चिल्लाते हैं -

- वो दो बार ससुराल में रह आया है जी। जरा बच के।

- उसके घर में दो हैं जी। किसी के गले में डालना चाहता है। जरा बच के बाश्शाओ!

- दो जचकी उसके हो चुकी हैं। तीसरी के लिए बाप के नाम की तलाश जारी है। जरा बच के।

- उसकी खादी पर मत जाणाजी। गांधी को फुटकर बेचता है। जरा बच के।

उस आदमी को मेरे साथ दो-तीन बार देखकर सरदारजी ने आगाह किया था - वह पुराना खिलाड़ी है। जरा बच के।

जिसे पुराना खिलाड़ी कहा था, वह 35-40 के बीच का सीधा आदमी लगता था। हमेशा परेशान। हमेशा तनाव में। कई आधुनिक कवि उससे तनाव उधार माँगने आते होंगे। उसमें बचने लायक कोई बात मुझे नहीं लगती थी।

एक दिन वह अचानक आ गया था। पहले से बिना बताए, बिना घंटी बजाए, बिना पुकारे, वह दरवाजा खोलकर घुसा और कुर्सी पर बैठ गया। बदतमीजी पर मुझे गुस्सा आया था। बाद में समझ गया कि इसने बदतमीजी का अधिकार इसलिए हासिल कर लिया है कि वह अपने काम से मेरे पास नहीं आता। देश के काम से आता है। जो देश का काम करता है, उसे थोड़ी बदतमीजी का हक है। देश-सेवा थोड़ी बदतमीजी के बिना शोभा नहीं देती। थोड़ी बेवकूफी भी मिली हो, तो और चमक जाती है।

वह उत्तेजित था। उसने अपना बस्ता टेबिल पर पटका और सीधे मेरी तरफ घूरकर बोला - तुम कहते हो कि बिना विदेशी मदद के योजना चला लोगे। मगर पैसा कहाँ से लाओगे? है तुम्हारे पास देश में ही साधन जुटाने की कोई योजना?

वह जवाब के लिए मुझे घूर रहा था और मैं इस हमले से उखड़ गया था। योजना की बात मैंने नहीं, अर्थ मंत्री ने कही थी। वह अर्थ मंत्री से नाराज था। डाँट मुझे पड़ रही थी।

उत्तेजना में उसने तीन कुर्सियाँ बदलीं। बस्ते से पुलिंदा निकाला। बोला - जीभ उठाकर तालू से लगा देते हो। लो, आंतरिक साधन जुटाने की यह स्कीम।

घंटा-भर अपनी योजना समझाता रहा। कुछ हल्का हुआ। पुलिंदा बस्ते में रखा और चला गया।

हफ्ते-भर बाद वह फिर आया। वैसे ही तनाव में। भड़ से दरवाजा खोला। बस्ते को टेबिल पर पटका और अपने को कुर्सी पर। बोला - तुम कहते हो रोड ट्रांसपोर्ट के कारण रेलवे की आमदनी कम हो रही है। मगर कभी सोचा है, मोटर-ट्रकवाले माल भेजनेवालों को कितने सभीते देते हैं ?

लो यह स्कीम। इसके मुताबिक काम करो।

उसने रेलवे की आमदनी बढ़ाने के तरीके मुझे समझाए।

वह जब-तब आता। मुझे किसी विभाग का मंत्री समझकर डाँटता और फिर अपनी योजना समझाता। उसने मुझे शिक्षा मंत्री, कृषि मंत्री, विदेश मंत्री सब बनाया। उसे लगता था, वह सब ठीक कर सकता है, लेकिन विवश है। सत्ता उसके हाथ में है नहीं। उससे जो बनता है, करता है। योजना और सुझाव भेजता रहता है।

देश के लिए इतना दुखी आदमी मैंने दूसरा नहीं देखा। सड़क पर चलता, तो दूर से ही दुखी दिखता। पास पहुँचते ही कहता - रिजर्व बैंक के गवर्नर का बयान पढ़ा? सारी इकॉनमी को नष्ट कर रहे हैं ये लोग। आखिर यह किया हो रहा है? जरा प्रधानमंत्री से कहो न!

सरदारजी ने फिर आगाह किया - बहुत चिपकने लगा है। पुराना खिलाड़ी है। जरा बच के।

मैंने कहा - मालूम होता है, उसका दिमाग खराब है।

सरदारजी हँसे। बोले - दमाग? अजी दमाग तो हमारा-आपका खराब है जो दिन-भर काम करते हैं, तब खाते हैं। वह 10 सालों से बिना कुछ किए मजे में दिल्ली में रह रहा है। दिमाग को उसका आला दर्जे का है।

मैंने कहा - मगर वह दुखी है। रात-दिन उसे देश की चिंता सताती रहती है।

सरदारजी ने कहा - अजब मुल्क है ये। भगवान ने इसे सट्टा खेलते-खेलते बनाया होगा। इधर मुल्क की फिक्र में से भी रोटी निकलती है। फिर मैं आपसे पूछता हूँ, पिद्दी का कितना शोरबा बनता है? बताइए, कुछ अंदाज दीजिए। मुल्क की फिक्र करते-करते गांधी और नेहरू जैसे चले गए। अब यह पिद्दी क्या सुधार लेगा ? इस मुल्क को भगवान ने खास तौर से बनाया है। भगवान की बनाई चीज में इंसान सुधार क्यों करे? मुल्क सुधरेगा तो भगवान के हाथ से ही सुधरेगा। मगर इस इंसान से जरा बच के। पुराना खिलाड़ी है।

मैंने कहा - पुराना खिलाड़ी होता तो ऐसी हालत में रहता?

सरदारजी ने कहा - उसका सबब है। वह छोटे खेल खेलता है। छोटे दाँव लगाता है। मैंने उसे समझाया कि एक-दो बड़े दाँव लगा और माल समेटकर चैन की बंसी बजा। मगर उसकी हिम्मत ही नहीं पड़ती।

सरदारजी मुझे उससे बचने के लिए बार-बार आगाह करते, पर खुद उसे कभी नाश्ता करा देते, कभी रोटियाँ दे देते, कभी रुपए दे देते। मैंने पूछा, तो सरदारजी ने कहा - आखिर इंसान है। फिर उसके साथ बीवी भी है। उसने वह कमाल कर दिखाया है, जो दुनिया में किसी से नहीं हुआ - उसने बीवी को यह मनवा लिया कि वह देश की किस्मत पलटने के लिए पैदा हुआ है। वह कोई मामूली काम करके जिंदगी बरबाद नहीं कर सकता। उसका एक मिशन है। बीवी खुद भी भगवान से प्रार्थना करती है कि उसके घरवाले का मिशन पूरा हो जाए।

वह दिन पर दिन ज्यादा परेशान होता गया। जब-तब मुझे मिल जाता और किसी मंत्रालय की शिकायत करता।

अचानक वह गायब हो गया। 8-10 दिन नहीं दिखा, तो मैंने सरदारजी से पूछा। उन्होंने कहा - डिस्टर्ब मत करो। बड़े काम में लगा है।

मैंने पूछा - कौन काम ?

सरदारजी ने कहा - उसकी तफसील में मत जाओ। बम बना रहा है। इन्कलाबी काम कर रहा है। एक दिन वह सरकार के सिर पर बम पटकनेवाला है।

मैंने कहा - सच, वह बम बना रहा है ?

सरदारजी ने कहा - हाँ जी, वह नया कांस्टीट्यूशन बना रहा है। उसे सरकार के सिर पर दे मारेगा। दुनिया पलट देगा, बाश्शाओ।

एक दिन वह संविधान लेकर आ गया। और दुबला हो गया था। मगर चेहरा शांत था। फरिश्ते की तरह बोला - नथिंग विल चेंज अंडर दिस कांस्टीट्यूशन। संविधान बदलना ही पड़ेगा। इस देश को बुनियादी क्रांति चाहिए और बुनियादी क्रांति के लिए क्रांतिकारी संविधान चाहिए। मैंने नया संविधान बना लिया है।

बस्ते से उसने पुलिंदा निकाला और मुझे संविधान समझाने लगा - यह प्रीएंबल है - यह फंडामेंटल राइट्स का खंड है। इस संविधान में एक बुनियादी क्रांति की बात है। देखो, मनुष्य ने अपने को राज्य के हाथों क्यों सौंपा था ? इसलिए कि राज्य उसका पालन करे। राज्य का यह कर्तव्य है। मगर राज्य आदमी से काम करवाना चाहता है। यह गलत है। बिना काम किए आदमी का पालन होना चाहिए। मैं जो पिछले 10 सालों से कुछ नहीं कर रहा हूँ, सो मेरा प्रोटेस्ट है। मैं राज्य पर नैतिक दबाव डालकर उसका कर्तव्य कराना चाहता हूँ। मैं जानता हूँ, लोग मेरे बारे में क्या कहते हैं। आई डोंट माइंड। छोटे लोग हैं। मेरे मिशन को नहीं समझ सकते।

मैंने कहा - कोई काम नहीं करेगा, तो उत्पादन नहीं होगा। तब राज्य पालन कैसे कर सकेगा ?

उसने समझाया - आप आदमी को नहीं जानते। वह मना करने पर भी काम करता है। यह उसकी मजबूरी है। मैन इज डूम्ड टू वर्क। अगर राज्य कह भी दे कि कोई काम मत करो, तुम्हारा पालन हम करेंगे, तब भी लोग काम माँगेंगे। साधारण आदमी ऐसा ही होता। इने-गिने मुझ-आप जैसे लोग होंगे, जो काम नहीं करेंगे। हमारा पालन उन घटिया बहुसंख्यकों के उत्पादन से होगा।

वह अपने संविधान से बहुत संतुष्ट था। एक दिन वह फोटोग्राफ लेकर आया। फोटो में वह संविधान प्रधानमंत्री को दे रहा है। बोला - मैंने संविधान प्रधानमंत्री को दे दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्दी ही इसे लागू किया जाएगा।

सरदारजी ने कहा - आजकल फोटो पर जिंदा है। प्रधानमंत्री से मिल आया है। उसकी बीवी घर भाग रही थी, सो थम गई। इस फोटो को अच्छे धंधे में लगाएँ तो अच्छी कमाई कर सकता है। मगर वह जिंदगी-भर ‘रिटेल’ करता रहेगा।

2-3 महीने उसने इंतजार किया। संविधान लागू नहीं हुआ। वह अब फिर परेशान हो गया। कहता - यह सरकार झूठ पर जिंदा है। मुझे प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया था कि जल्दी ही वे मेरा संविधान लागू करेंगे, पर अभी तक संसद को सूचना नहीं दी। अंधेर है। मगर मैं छोड़ूँगा नहीं।

एक दिन सरदारजी ने बताया - पुराना खिलाड़ी संसद के सामने अनशन पर बैठ गया है। राम-धुन लग रही है। बीवी गा रही है - सबको सन्मति दे भगवान। इसे सबकी क्या पड़ी है? यही क्यों नहीं कहती कि मेरे घरवाले को सन्मति दे भगवान!

तीसरे दिन उसे देखने गया। वह दरी पर बैठा था। उसका चेहरा सौम्य हो गया था। भूख से आदमी सौम्य हो जाता है। तमाशाइयों को वह बड़ी गंभीरता से समझा रहा था - देखो, इंसान आजाद पैदा होता है, मगर वह हर जगह ज़ंजीरों से जकड़ा रहता है। मनुष्य ने अपने को राज्य को क्यों सौंपा? इसलिए न, कि राज्य उसका पालन करेगा। मगर राज्य की गैरजिम्मेदारी देखिए कि मुझ जैसे लोगों को राज्य ने लावारिस की तरह छोड़ रखा है। ‘नथिंग विल चेंज अंडर दिस कान्स्टीट्यूशन’ मेरा संविधान लागू करना ही होगा। लेकिन इसके पहले राज्य को फौरन मेरे पालन की व्यवस्था करनी होगी। यह मेरी माँगें हैं।

सरदारजी ने उस दिन कहा - बिजली मँडरा रही है बाश्शाओ! देखो किसके सिर पर गिरती है। जरा बच के।

सरकार की तरफ से उसे धमकी दी जा रही थी। घर जाने के लिए किराए का लोभ भी दिया जा रहा था। मगर वह अपना संविधान लागू करवाने पर तुला था।

सातवें दिन सुबह जब मैं बैठा अखबार पढ़ रहा था, वह अचानक अपनी बीवी के सहारे मेरे घर में घुस आया। पीछे कुली उसका सामान लिए थे। उसने मुझे मना करने का मौका ही नहीं दिया। वह अपने घर की तरह इत्मीनान से घुस आया था।

मेरे सामने वह बैठ गया। आँखें धँस गई थीं। शरीर में हड्डियाँ रह गई थीं। मैं भौंचक उसे देख रहा था। वह इस तरह मेरे घर में घुस आया था कि मुझसे कुछ कहते नहीं बन रहा था। मगर उसके चेहरे पर सहज भाव था।

धीरे-धीरे बोला - प्रधानमंत्री ने आश्वासन दे दिया है।

मैं कुछ नहीं बोल सका।

वह बोला - कमजोरी बहुत आ गई है।

कुछ ऐसा भाव था उसका जैसे मेरे लिए प्राण दे रहा हो। कमजोरी भी उसे मेरे लिए आई हो।

उसने बीवी से कहा - उस कमरे में कुछ दिन रहने का जमा लो।

मेरी बोलती बंद थी। उसने अचानक हमला कर दिया था। मुझे लगा, जैसे किसी ने पीछे से मेरी कनपटी पर ऐसा चाँटा जड़ दिया है कि मेरी आँखों में तितलियाँ उड़ने लगी हैं। उसने मना करने की हालत भी मेरी नहीं रहने दी। मैं मूढ़ की तरह बैठा था और वह बगल के कमरे में जम गया था।

थोड़ी देर बाद वह आया। बोला - जरा एक-दो सेर अच्छी मुसम्मी मँगा दो।

कहकर वह चला गया। मैं सोचता रहा - इसने मुझे किस कदर अपाहिज बना दिया है। इस तरह मुसम्मी मँगाने के लिए कहता है, जैसे मैं इसका नौकर हूँ और इसने मुझे पैसे दे रखे हैं।

मैंने मुसम्मी मँगा दी।

वह मेरे नौकर को जब-तब पुकारता और हुक्म दे देता - शक्कर ले आओ! चाय ले आओ! उसने मुझे अपने ही घर में अजनबी बना दिया था।

वह दिन में दो बार मुझे दर्शन देने निकलता। कहता - वीकनेस अभी काफी है। 10-15 दिन में निकलेगी। जरा दो-तीन रुपए देना।

मैं रुपए दे देता। बाद में मुझे अपने पर खीझ आती। मैं किस कदर सत्वहीन हो गया हूँ। मैं मना क्यों नहीं कर देता?

चौथे दिन सरदारजी ने कहा - घुस गया घर में बाश्शाओ। मैंने पहले कहा था -पुराना खिलाड़ी है, जरा बच के। 6 महीने से पहले नहीं निकलेगा। यही उसकी तरकीब है। जब वह किसी मकान से निकाला जाता है, तो कोई ‘इशू’ लेकर अनशन पर बैठ जाता और उसी गिरी हालत में किसी के घर में घुस जाता है।

मैंने कहा - उसकी हालत जरा ठीक हो जाए तो मैं उसे निकाल बाहर करूँगा।

सरदारजी ने कहा - नहीं निकाल सकते। वह पूरा वक्त लेगा।

जब वह चलने-फिरने लायक हो गया, तो सुबह-शाम खुले में वायु-सेवन के लिए जाने लगा। लौटकर मेरे पास दो घड़ी बैठ जाता। कहता - प्राइम मिनिस्टर अब जरा सीरियस हुए हैं। एक कमेटी जल्दी ही बैठनेवाली है।

एक दिन मैंने कहा - अब आप दूसरी जगह चले जाइए। मुझे बहुत तकलीफ है।

उसने कहा - हाँ-हाँ, प्रधानमंत्री का पी.ए. मकान का इंतजाम कर रहा है। होते ही चला जाऊँगा। मुझे खुद यहाँ बहुत तकलीफ है।

उसमें न जाने कहाँ का नैतिक बल आ गया था कि मेरे घर में रहकर, मेरा सामान खाकर, वह यह बताता था कि मुझपर एहसान कर रहा है। कहता है - मुझे खुद यहाँ बहुत तकलीफ है।

सरदारजी पूछते हैं - निकला?

मैं कहता हूँ - अभी नहीं।

सरदारजी कहते हैं - नहीं निकलेगा। पुराना खिलाड़ी है।

मैंने कहा - सरदारजी, आपके यहाँ इतनी जगह है। उसे यहीं कुछ दिन रख लीजिए।

सरदारजी ने कहा - उसके साथ औरत है। अकेला होता, तो कहता, पड़ा रह। मगर औरत! औरत के डर से तो पंजाब से भागकर आया और तुम इधर औरत ही यहाँ डालना चाहते हो।

उसके रवैए में कोई फर्क नहीं पड़ा। सुबह स्नान-पूजा के बाद वह नाश्ता करता। फिर पोर्टफोलियो लेकर निकल जाता। जाते-जाते मुझसे कहता - जरा संसदीय मामलों के मंत्री से मिल आऊँ।

आखिर मैंने सख्ती करना शुरू किया। सुबह-शाम उसे डाँटता। उसका अपमान करता। उसके चेहरे पर शिकन नहीं आती। कभी वह कह देता - मैं अपमान का बुरा नहीं मानता। मुझे इसकी आदत पड़ चुकी है। फिर जिस महान ‘मिशन’ में मैं लगा हुआ हूँ, उसे देखते छोटे-छोटे अपमानों की अवहेलना ही करनी चाहिए।

कभी जब वह देखता कि मेरा ‘मूड’ बहुत खराब है, तो वह बात करना टाल जाता। कागज पर लिख देता - आज मेरा मौन व्रत है।

आखिर मैंने पुलिस की मदद लेने का तय किया। उसने कागज पर लिख दिया - आज मेरा मौन व्रत है।

मैंने कहा - तुम मौन व्रत रखे रहो। कल पुलिस तुम्हारा सामान बाहर फेंक देगी।

उसने मौन व्रत फौरन त्याग दिया और मुझे मनाता रहा। कहा - 3-4 दिनों में कहीं रहने का इंतजाम कर लूँगा।

सुबह वह तैयार होकर निकला। मुझसे कहा - एक जगह रहने का इंतजाम कर रहा हूँ। जरा पाँच रुपए दीजिए।

मैंने कहा - पाँच रुपए किसलिए?

उसने कहा - जगह तय करने जाना है न। स्कूटर से जाऊँगा।

मैंने कहा - बस में क्यों नहीं जाते? मैं रुपया नहीं दूँगा।

उसने कहा - तो मैं नहीं जाता। यहीं रहा आऊँगा।

मैंने पस्त होकर उसे पाँच रुपए दे दिए।

शाम को वह लौटा और बोला - मैं दूसरी जगह जा रहा हूँ। आपको एक महीने में ही छोड़ दिया। किसी का घर मैंने 6 महीने से पहले नहीं छोड़ा। एक तरह से आपके ऊपर मेरा अहसान ही है। जरा 25 रुपए दीजिए।

मैंने कहा - पच्चीस रुपए किसलिए।

वह बोला - कुली को पैसे देने पड़ेंगे। फिर नई जगह जा रहा हूँ। 2-4 दिनों का खाने का इंतजाम तो होना चाहिए।

मैंने कहा - यह मेरी जिम्मेदारी नहीं है। मेरे पास रुपए नहीं हैं।

उसने शांति से कहा - तो फिर आज नहीं जाता। जिस दिन आपके पास पच्चीस रुपए हो जाएँगे, उस दिन चला जाऊँगा।

मैंने पच्चीस रुपए उसे फौरन दे दिए। उसने सामान बाहर निकलवाया।

बीवी को बाहर निकाला। फिर मुझसे हाथ मिलाते हुए बोला - कुछ ख्याल मत कीजिए। नो इल विल! मैं जिस मिशन में लगा हूँ उसमें ऐसी स्थितियाँ आती ही रहती हैं। मैं बिलकुल फील नहीं करता।

मैं बाहर निकला, तो सरदारजी चिल्लाए - चला गया?

मैंने कहा - हाँ, चला गया।

वे बोले - कितने में गया?

मैंने कहा - पच्चीस रुपए में।

सरदारजी ने कहा - सस्ते में चला गया। सौ रुपए से कम में नहीं जाता वह।

पुराना खिलाड़ी अब भी कभी-कभी कहीं मिल जाता है। वैसा ही परेशान, वैसा ही तनाव। वह भूल गया कि कभी मैंने उसे जबरदस्ती घर से निकाला था।

कहता है - प्रधानमंत्री की अक्ल पर क्या पाला पड़ गया? कहते हैं, कि हम किसी भी स्थिति में रुपए को ‘डिवैल्यू’ नहीं करेंगे। मैं कहता हूँ, डिवैल्यू नहीं करोगे, तो दुनिया के बाजार से निकाल नहीं दिए जाओगे।

जरा प्रधानमंत्री को समझाइए न!

वह चिंता करता हुआ आगे बढ़ जाता है।

  • मुख्य पृष्ठ : हरिशंकर परसाई के हिन्दी व्यंग्य, कहानियाँ, संस्मरण
  • मुख्य पृष्ठ : संपूर्ण हिंदी कहानियां, नाटक, उपन्यास और अन्य गद्य कृतियां